16 से 30 नवंबर तक चलेगा स्व-गणना अभियान, घर बैठे पोर्टल और मोबाइल ऐप से भर सकेंगे परिवार का विवरण
भीमताल, 18 नवंबर। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने बुधवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय से जनगणना के तहत स्व-गणना का ऑनलाइन फार्म भरा। इस दौरान उन्होंने लोगों से भी स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि भारत सरकार की ओर से 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के भविष्य और विकास की आधारशिला है। जनगणना में दर्ज सही जानकारी के आधार पर ही सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से संबंधित योजनाओं का बेहतर नियोजन कर सकती है।
उन्होंने बताया कि अब लोगों को जनगणना के लिए प्रगणक (एन्यूमरेटर) के घर आने का इंतजार करने की आवश्यकता नहीं है। स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी सुविधानुसार ऑनलाइन पोर्टल या मोबाइल ऐप पर अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं।
आयुक्त ने बताया कि स्व-गणना से समय की बचत होगी और नागरिक अपनी सुविधानुसार किसी भी समय जानकारी भर सकेंगे। स्वयं विवरण दर्ज करने से त्रुटियों की संभावना भी कम होगी। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारियां गोपनीय रखी जाती हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपने परिवार के सभी सदस्यों का विवरण दर्ज करें। पोर्टल पर दिए गए सभी 40 प्रश्नों के उत्तर भरकर फॉर्म सबमिट करने के बाद प्राप्त स्व-गणना आईडी सुरक्षित रखें। जब प्रगणक घर पहुंचे तो उन्हें यह आईडी दिखाएं।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को जागरूकता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने लोगों से निर्धारित अवधि में स्व-गणना पूरी कर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की।