गौलापार की महिलाओं ने त्योहारों में दिखाई स्वरोजगार की ताकत, 50 हजार लगाकर कमाए 90 हजार रुपये

मंगलम ग्राम संगठन की छह महिलाओं ने गट्टे, बतासे और खिलौने बेचकर पेश की आत्मनिर्भरता की मिसाल

भीमताल। त्योहारों की रौनक के बीच गौलापार की छह महिलाओं ने अपनी मेहनत और हुनर से आत्मनिर्भरता की नई कहानी लिखी है। नवरात्रि और दीपावली के अवसर पर मंगलम ग्राम संगठन से जुड़ी महिलाओं ने पारंपरिक गट्टे, बतासे और खिलौने तैयार कर बाजार में बेचे। महज 50 हजार रुपये के निवेश से महिलाओं ने 1.40 लाख रुपये की बिक्री की और खर्च निकालने के बाद 90 हजार रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया। इस तरह प्रत्येक महिला के हिस्से में 15 हजार रुपये की कमाई आई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसी कड़ी में गौलापार के मंगलम ग्राम संगठन की महिलाओं ने त्योहारों को रोजगार के अवसर में बदलकर दूसरी महिलाओं के लिए भी प्रेरणा पेश की है।

पारंपरिक उत्पादों की मांग ने बढ़ाया कारोबार

समूह की छह महिलाओं ने त्योहारों पर पारंपरिक उत्पादों की मांग को देखते हुए घर पर ही शुद्ध और बिना मिलावट के गट्टे, बतासे और खिलौने तैयार किए। इसके बाद स्थानीय बाजारों और हल्द्वानी में इनकी बिक्री की। उत्पादों की गुणवत्ता और शुद्धता के चलते ग्राहकों ने इन्हें खूब पसंद किया। महिलाओं की मेहनत रंग लाई और त्योहारों के दौरान समूह ने 1.40 लाख रुपये का कारोबार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *