काठगोदाम-दिल्ली वंदे भारत की मांग फिर उठी, सांसद अजय भट्ट ने रेल मंत्री से की मुलाकात

भीमताल। कुमाऊं को दिल्ली से तेज और सुविधाजनक रेल संपर्क दिलाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने संसद भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस संचालित करने की मांग की।

सांसद अजय भट्ट ने रेल मंत्री को सौंपे मांग पत्र में कहा कि काठगोदाम कुमाऊं का प्रमुख रेलवे स्टेशन होने के साथ पूरे क्षेत्र का प्रवेश द्वार है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक, विद्यार्थी, व्यापारी और स्थानीय यात्री आवागमन करते हैं। वर्तमान में दिल्ली के लिए रेल सेवाएं उपलब्ध हैं, लेकिन उनकी समय-सारणी और गति यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने कहा कि यदि सुबह काठगोदाम से वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन किया जाता है तो यात्री सुबह दिल्ली पहुंच सकेंगे और शाम को दिल्ली से लौटकर उसी दिन काठगोदाम वापस आ सकेंगे। इससे यात्रियों का समय बचेगा और सफर अधिक सुविधाजनक होगा।

सांसद ने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटन को नई गति मिलेगी, स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह पहले भी दो बार रेल मंत्री को पत्र लिख चुके हैं और व्यक्तिगत रूप से भी आग्रह कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका है।

उन्होंने रेल मंत्री से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा जल्द शुरू करने का अनुरोध किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *