भीमताल, 29 जुलाई। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को खन्स्यु क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान बाजार के किराना और मिठाई की एक दर्जन से अधिक दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दो खाद्य प्रतिष्ठानों से टोमैटो सॉस, गुलाब जामुन मिक्सचर, दलिया, चायपत्ती और कुरकुरे के कुल पांच नमूने गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
टीम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, खन्स्यु के रसोईघर और खाद्य भंडार का भी निरीक्षण किया। जांच में विद्यालय में खाद्य लाइसेंस संबंधी नियमों का अनुपालन संतोषजनक पाया गया। विद्यालय प्रभारी को नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा छात्राओं को केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी रक्षाबंधन और श्रावण मास को देखते हुए विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को दुकानों की नियमित साफ-सफाई रखने, कीट नियंत्रण के लिए दवा का छिड़काव कराने तथा बाजार में बिक रही रंग-बिरंगी कचरी का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। यदि कोई व्यापारी नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act), 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका होने पर तत्काल सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
व्यापारियों को दिए गए प्रमुख निर्देश
- खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
- खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट न हो।
- पैक्ड खाद्य पदार्थों पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और बैच नंबर स्पष्ट अंकित हों।
- प्रतिष्ठानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए।
- ग्राहकों को बिल या कैश मेमो अवश्य दिया जाए।
- एफएसएसएआई लाइसेंस/पंजीकरण प्रमाण पत्र दुकान पर प्रदर्शित किया जाए।
- खराब एवं एक्सपायरी खाद्य सामग्री का विक्रय पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।