मंत्री राम सिंह कैड़ा की पहल पर आयोजित हुआ शिविर, अब योजनाओं का लाभ लेने के लिए हल्द्वानी के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे
भीमताल। धारी ब्लॉक के लेटीबुंगा में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा की पहल पर श्रम विभाग की ओर से विशेष कैंप आयोजित किया गया। इसमें उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों को खाद्य सामग्री, बच्चों की स्कूल किट सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री वितरित की गई।
इस दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीणों को श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने और सामग्री प्राप्त करने के लिए हजारों रुपये खर्च कर हल्द्वानी जाना पड़ता था। कई बार लंबी दूरी तय करने और समय व धन खर्च करने के बावजूद उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता था। ग्रामीणों की इस परेशानी को देखते हुए लेटीबुंगा में ही कैंप आयोजित कराया गया, ताकि श्रमिकों को गांव के नजदीक सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार श्रमिकों के कल्याण और उनके सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। कर्मकार कल्याण बोर्ड और श्रम विभाग के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों को छात्रवृत्ति, बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता, प्रसूति महिलाओं को सहायता और श्रमिक की मृत्यु होने पर आश्रितों को आर्थिक मदद जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से श्रमिकों के लिए निश्शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। मंत्री ने बताया कि नैनीताल जनपद के साथ ही भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी, ओखलकांडा, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में श्रम विभाग के कैंप लगाए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक पंजीकृत श्रमिकों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए सरकार और विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
कैंप में सामग्री और योजनाओं का लाभ मिलने पर ग्रामीणों एवं श्रमिकों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार जताया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख भावना आर्य, मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, संजय नयाल, हरेंद्र नयाल, प्रकाश चंद्र नानू, ललित शर्मा, गुड्डू नयाल, अनीता नयाल, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, श्रम विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।