पहली शाम फोक नाइट में स्वाति भट्ट और किशन महिपाल देंगे प्रस्तुति, दूसरी शाम बॉलीवुड नाइट में तत्वा बैंड बिखेरेगा जलवा
भीमताल। लेक कार्निवल भीमताल-2026 के आयोजन को लेकर पदाधिकारियों एवं नगर के गणमान्य लोगों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्निवल के आयोजन की तैयारियों और कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।
समिति के सचिव नितिन राणा ने बताया कि 14 और 15 नवंबर को दो दिवसीय लेक कार्निवल का आयोजन किया जाएगा। कार्निवल के पहले दिन फोक नाइट में लोकगायिका स्वाति भट्ट और लोकगायक किशन महिपाल अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। वहीं दूसरे दिन बॉलीवुड नाइट में तत्वा बैंड की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी।
उन्होंने बताया कि दोनों दिन दोपहर के समय स्थानीय विद्यालयों के बच्चों और क्षेत्रीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा। कार्निवल के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ ही भीमताल की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष सीमा टम्टा, व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जोशी, पूर्व चेयरमैन सतीश लाल टम्टा, पूर्व चेयरमैन देवेंद्र चनौतिया, पूरन जोशी, कमल जोशी,हितेंद्र सिंह बिष्ट , नितेश बिष्ट, सभासद नीरज रैकुनी, शिप्रा जोशी, सतीश टम्टा, राहुल जोशी और रीगन गुप्ता, जितेंद्र सिंह बिष्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।