ल्वेशाल गांव को मिलेगी लिफ्ट सिंचाई योजना की सौगात, 2.54 करोड़ रुपये होंगे खर्च

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से मिली स्वीकृति, अधिकारियों को टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश

भीमताल। रामगढ़ ब्लॉक की ग्राम सभा ल्वेशाल के किसानों को जल्द सिंचाई सुविधा मिलने जा रही है। गांव के लिए 2 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से लिफ्ट सिंचाई योजना को स्वीकृति मिल गई है। योजना के निर्माण से किसानों को खेती के लिए पानी उपलब्ध होगा और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को योजना की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने और निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करना और किसानों की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। ल्वेशाल में लिफ्ट सिंचाई योजना बनने से किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे कृषि उत्पादन बढ़ने के साथ ही किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई, सड़क, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके।

कई गांवों का दौरा कर सुनी समस्याएं

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के मटेला, पतलोट, अमजड़, सुवाकोट, पोखरी, थली, मोहनागांव और हरिनगर सहित विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *