भीमताल। एवरग्रीन सीनियर सेकेंडरी स्कूल बेरीपड़ाव में शुक्रवार को बाल संरक्षण अधिकारों को लेकर गोष्ठी का आयोजन किया गया। उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में शिक्षक-अभिभावक संघ, स्कूल प्रबंधन समिति, अभिभावक, छात्र-छात्राएं और विद्यालय के समस्त कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने उपस्थित अभिभावकों और छात्र-छात्राओं को बाल अधिकार संरक्षण आयोग के कार्यों और बाल संरक्षण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों के शैक्षणिक और सामाजिक विकास के लिए विद्यालय के साथ निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बच्चों को सकारात्मक दिशा देने में अभिभावकों और विद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका है। बच्चों की समस्याओं को समझते हुए उनके साथ मित्रवत व्यवहार किया जाना चाहिए, ताकि वे अपनी परेशानियां खुलकर साझा कर सकें।
खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह ने छात्र-छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबरों और बाल संरक्षण से संबंधित सहायता सेवाओं की जानकारी दी। इस दौरान बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष देवकी आर्य, सदस्य विनीता पाठक और किरण पंत समेत परिवहन विभाग के आरआई व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका कु. मीनाक्षी भट्ट ने किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक गौरव पाठक, मैनेजिंग डायरेक्टर सौरभ पाठक, प्रधानाचार्य मोहन सिंह परवाल, एसएमसी सदस्य कमला जोशी, इंद्रा एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्या संतोष पांडेय, सेमफोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल जयपुर बीसा की प्रधानाचार्या समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।