धामी सरकार 24×7 जनसेवा और विकास को समर्पित
भीमताल। आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त भावना मेहरा ने शुक्रवार को नैनीताल क्लब सभागार में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, जिला पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत, पर्यटन विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता को राहत देना ही प्राधिकरण और सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भवन मानचित्रों की स्वीकृति में अनावश्यक आपत्तियां लगाकर लोगों को कार्यालयों के चक्कर कटवाने पर राज्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी और एकमुश्त निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य विकास को गति देना है, न कि जनहित के कार्यों में अनावश्यक बाधा उत्पन्न करना।
बैठक में भीमताल, सातताल और भवाली क्षेत्र में निर्माणाधीन पार्किंग, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स समेत अन्य विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई। राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भावना मेहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में आवास एवं शहरी विकास के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं। प्रदेश के विभिन्न शहरों में 18 हजार से अधिक आवास निर्माणाधीन हैं, जबकि रुद्रपुर में 1,872 फ्लैट तैयार हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि धामी सरकार 24×7 जनसेवा, पारदर्शिता और समयबद्ध विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
बैठक में विधायक सरिता आर्या, मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, महिला आयोग सदस्य विमला अधिकारी, हरीश राणा, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य, जिला पंचायत अधिकारी अनिल जोशी, अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा, अधिशासी अभियंता शिवम धीमान समेत रामनगर, लालकुआं, भीमताल, भवाली और कालाढूंगी नगर निकायों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन : नैनीताल के राज्य अतिथि गृह सभागार में शुक्रवार को प्राधिकरण समेत विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करतीं राज्यमंत्री भावना मेहरा।