भीमताल । गोलापार स्थित तीनपानी फ्लाईओवर पर 11 जुलाई को हुए भीषण सड़क हादसे, जिसमें चार युवकों की मौत हो गई थी, की मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने अपर जिलाधिकारी विवेक राय को जांच अधिकारी नामित करते हुए 21 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं विधिसम्मत जांच कराई जाएगी। जांच के दौरान हादसे से जुड़े सभी पहलुओं का गहन परीक्षण किया जाएगा। रिपोर्ट में दुर्घटना के वास्तविक कारणों के साथ भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी शामिल किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दुर्घटना की जांच के आधार पर सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना पर भी तेजी से कार्रवाई की जाएगी।