डीएम के निर्देश पर ब्रॉडवे होटल पर बड़ी कार्रवाई

पानी की बर्बादी और गंदगी की शिकायत सही मिलने पर 16 हजार का चालान, जल संयोजन भी काटा

भीमताल, 15 मई। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मल्लीताल क्षेत्र में होटल की टंकियों से लगातार पानी ओवरफ्लो होने और गंदगी फैलाने की शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर कार्रवाई कराई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर होटल पर कुल 16 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

टण्डन परिवार और डण्डरियाल परिवार सहित अन्य लोगों ने जिलाधिकारी से शिकायत करते हुए बताया था कि मल्लीताल स्थित ब्रॉडवे होटल की पानी की टंकियों से लगातार पानी बह रहा है, जिससे उनके घरों में सीलन और जलभराव की समस्या बढ़ रही है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि ब्रॉडवे होटल और नीलम राज होटल की ओर से रास्ते में गंदगी भी फैलाई जा रही है।

शिकायत मिलते ही जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व विभाग, जल संस्थान, पर्यटन विभाग और नगर पालिका परिषद नैनीताल की संयुक्त टीम गठित कर शुक्रवार को मौके पर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शिकायत सही पाई गई और होटल की छत पर लगी टंकी से लगातार पानी बहता मिला।

कार्रवाई करते हुए जल संस्थान ने होटल का जल संयोजन तत्काल प्रभाव से विच्छेदित कर दिया तथा पानी के दुरुपयोग पर 5 हजार रुपये का चालान किया। वहीं पर्यटन विभाग ने 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। नगर पालिका परिषद ने गंदगी फैलाने पर 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार अक्षय भट्ट, जल संस्थान के सहायक अभियंता, नगर पालिका के सफाई निरीक्षक तथा पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *