मालवीय नगर अग्निकांड: सांसद अजय भट्ट ने दिल्ली CM व पुलिस कमिश्नर से की वार्ता

केशव नेगी मामले में निष्पक्ष जांच की उठाई मांग, प्रवासी उत्तराखंडवासियों के हितों की सुरक्षा का दिलाया भरोसा

भीमताल। दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड प्रकरण में उत्तराखंड निवासी केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली पुलिस कमिश्नर से दूरभाष पर वार्ता कर मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।

सांसद अजय भट्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कहा कि जांच पूरी तरह तथ्यों, साक्ष्यों और विधिक प्रक्रिया के आधार पर की जानी चाहिए, ताकि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो। उन्होंने निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने का आग्रह भी किया।
इस पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी।
अजय भट्ट ने कहा कि देश की न्याय व्यवस्था और जांच एजेंसियों पर पूर्ण विश्वास है। सत्य तथ्यों के आधार पर सामने आएगा और न्याय सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को दोषी या निर्दोष मानने का निर्णय केवल जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर ही होना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में रह रहे प्रवासी उत्तराखंडवासियों के हितों, सम्मान और सुरक्षा के प्रति वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। आवश्यकता पड़ने पर हर स्तर पर उनका पक्ष रखने और सहयोग प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। सांसद ने विश्वास जताया कि संबंधित एजेंसियां निष्पक्षता के साथ जांच कर पूरे मामले में सत्य को सामने लाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *