मतदाताओं से नवीनतम फोटो तैयार रखने की अपील, ‘बुक ए कॉल’ सुविधा भी शुरू
भीमताल । उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान सोमवार से शुरू होने जा रहा है। इसके तहत प्रदेशभर में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी मतदाताओं से अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी 11,733 बीएलओ को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। आगामी 8 जून से घर-घर जाकर मतदाताओं को फार्म दिए जाएंगे, जबकि 7 जुलाई तक एक माह की अवधि में भरे गए फार्मों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज किया जाएगा।
घर पर नहीं मिलने पर ‘बुक ए कॉल’ सुविधा :
निर्वाचन विभाग ने ऐसे मतदाताओं के लिए भी व्यवस्था की है जो नौकरी या अन्य कारणों से दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते। ऐसे मतदाता “बुक ए कॉल विद BLO” फीचर का इस्तेमाल कर अपने बीएलओ से संपर्क कर सकेंगे। मतदाता वोटर पोर्टल या ECI-Net मोबाइल ऐप के जरिए कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुकिंग के बाद दो दिनों के भीतर बीएलओ स्वयं संपर्क करेंगे।
यदि भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है, तो बीएलओ तीन बार घर पहुंचेंगे। साथ ही घर पर स्टीकर लगाकर अगले दौरे की तिथि और मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराएंगे, ताकि मतदाता सुविधानुसार फार्म भर सकें।
पासपोर्ट साइज फोटो रखें तैयार :
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 8 जून से 7 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में गणना फार्म के साथ किसी अन्य दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। वहीं, 14 जुलाई से 11 सितंबर के बीच इनका निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को होगा।
अधिकारियों ने बताया कि पात्र नए मतदाता भी ईसीआई नेट ऐप अथवा बीएलओ के माध्यम से फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।