10 साल की विधायकी के बाद भी भीमताल में विकास नदारद: मनोज शर्मा

भीमताल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज शर्मा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 10 साल का विधायकी का सफर कम समय नहीं होता। इतने लंबे कार्यकाल में पूरे विधानसभा क्षेत्र में विकास की तस्वीर बदलनी चाहिए थी, लेकिन आज भी कई दूरस्थ गांव बदहाल सड़कों और मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं।

मनोज शर्मा ने कहा कि विकास का आकलन सोलर लाइट और छाते बांटने जैसे कार्यों से नहीं किया जा सकता। यदि 10 साल की विधायकी के बाद भी क्षेत्र में व्यापक विकास नजर नहीं आता और चुनावी समय में ही सस्ते प्रलोभन दिए जाते हैं तो यह गरीब जनता के साथ मजाक है।

उन्होंने कहा कि वह भीमताल विधानसभा के कई दूरस्थ गांवों में गए, जहां सड़कों की बदहाली और व्यवस्थाओं की स्थिति देखकर वह चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि बारिश की कुछ बूंदों ने ही कथित विकास की पोल खोल दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें और अन्य व्यवस्थाएं इतनी खराब हैं कि लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मनोज शर्मा ने आरोप लगाया कि पहाड़ का पूरा सिस्टम बदहाल स्थिति से गुजर रहा है, जबकि भाजपा नेता सुविधाओं से संपन्न वाहनों में घूमकर जनता की समस्याओं से दूर नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है और गरीब परिवारों के लिए दाल-रोटी का इंतजाम करना ही बड़ी चुनौती बन गया है।

उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई और जनता के शोषण का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी सरकार को सत्ता से हटाना ही बड़ा विकल्प है। उन्होंने भीमताल विधानसभा के युवाओं से अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को समझने और आगामी चुनाव में बदलाव के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया।

मनोज शर्मा ने कहा कि कांग्रेस आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि वह लगातार गरीब और वंचित वर्ग की आवाज को सरकार के सामने उठाते रहे हैं। उन्होंने जनता से कांग्रेस को समर्थन देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *