आपदा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों को जल्द दुरुस्त करें अधिकारी: मंत्री कैड़ा

भीमताल। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के सुड़ी, बेलगड़, मटियाल, लेटीबुंगा, सुनकिया, सतबुंगा समेत विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने बारिश और आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुए मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों, सिंचाई नहरों और आंतरिक मार्गों की समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।

मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), पीएमजीएसवाई, पेयजल, सिंचाई विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा से क्षतिग्रस्त हुए मार्गों और अन्य जरूरी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त होने के साथ ही पेयजल लाइन और सिंचाई नहरें भी प्रभावित हुई हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन और दैनिक जरूरतों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आपदा मद से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों, सिंचाई नहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के आंतरिक मार्गों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत का कार्य जल्द शुरू किया जाए। उन्होंने कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि ग्रामीणों की प्रत्येक समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं को शीघ्र बहाल करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *