भीमताल: नैनीताल में 28 सितम्बर से शुरू होने वाले दुर्गा देवी महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी की अध्यक्षता में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नगर के विभिन्न संगठनों के साथ बैठक हुई। महोत्सव समिति के संयोजक त्रिभुवन फर्त्याल ने बताया कि पूर्व की भांति इस बार भी प्रशासन से उचित व्यवस्थाओं की अपेक्षा है, ताकि महोत्सव भव्य और सफल बनाया जा सके। अपर जिलाधिकारी ने नगर पालिका को मेले के दौरान साफ-सफाई, लाइटिंग और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत, पेयजल और लोक निर्माण विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया। थाना प्रभारी को शांति व्यवस्था बनाए रखने और ट्रैफिक नियंत्रण के साथ मां दुर्गा की डोला यात्रा के दौरान मार्ग से खड़े वाहनों को हटाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 2 अक्टूबर को दशहरा पर्व पर डीएसए मैदान में रावण दहन कार्यक्रम पूर्व की भांति आयोजित होगा। कहा कि नैनीताल धार्मिक व पर्यटन नगरी है, ऐसे में व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी न रहे। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, होटल एसोसिएशन, बार एसोसिएशन, व्यापार मंडल, राम सेवा सभा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।