भीमताल : धारी ब्लॉक के अंतर्गत ग्रामसभा बबियाड की बदहाल सड़कों को लेकर भीमताल विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेसियों ने चेतावनी दी कि यदि मानसून से पहले मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। मनोज शर्मा ने बताया कि बबियाड-कैलाशद्वार मोटर मार्ग बीते दस वर्षों से पूरी तरह बंद पड़ा है। विभागीय लापरवाही के कारण हजारों ग्रामीण सड़क सुविधा से वंचित हैं। वहीं, बबियाड-टपुवा-दुदुली मोटर मार्ग की हालत भी बेहद खराब है। सड़क खाई में तब्दील हो चुकी है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण शासन-प्रशासन से कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक केवल झूठे आश्वासन ही मिले हैं। जनप्रतिनिधि मौन हैं और विभागीय अधिकारी सिर्फ खानापूर्ति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के उत्पाद समय पर मंडी नहीं पहुंच पा रहे हैं और छात्र जान जोखिम में डालकर स्कूल जा रहे हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि विभाग कमीशनबाजी में व्यस्त है और आम जनता की तकलीफों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि दोनों सड़कों की मरम्मत मानसून से पहले पूरी की जाए। ज्ञापन देने वालों में पी.सी. नौगाई, शेखर बड़ोला, दीपेंद्र कार्की, करुणा शंकर कांडपाल समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।