भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने ओखलकांडा ब्लॉक के खनस्यू में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क आदि समस्याओं को विधायक व अधिकारियों के समक्ष रखा।
ग्रामीणों की सभी समस्याओं का मौके पर समाधान
करने का प्रयास किया गया। साथ ही दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र भी बनाए गए। विधायक कैड़ा ने जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को जल जीवन मिशन योजना के तहत भीमताल विधानसभा के सभी गांवों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के प्रत्येक गांव के लिए करोड़ों रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
विधायक कैड़ा ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की योजनाओं को हर गांव के अंतिम छोर तक पहुंचाया जाए और हर व्यक्ति को इनका लाभ मिले। उन्होंने कहा, “मेरा और सरकार का प्रयास है कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो। इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।”
शिविर में मुख्य विकास अधिकारी , एसडीएम केएन गोस्वामी,बीडीओ ओखलकांडा, एसीएमओ नैनीताल सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान रवि गोस्वामी, डीकर मेवाड़ी, गोधन मेवाड़ी, राम सिंह मेवाड़ी, राजीव कुमार और मदन परगाई जैसे स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।