सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में विधायक कैड़ा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश

भीमताल। ब्लॉक सभागार भीमताल में आयोजित जन-जन की सरकार, जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत अन्य मूलभूत समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।
विधायक राम सिंह कैड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
विधायक कैड़ा ने बताया कि जन-जन की सरकार, जनता के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से कई समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए जनता की छोटी-बड़ी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनता के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, मंडल अध्यक्ष कमल जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *