भीमताल : विधानसभा भीमताल के दूरस्थ इलाके कोटला में बुधवार को श्रम विभाग का कैंप आयोजित किया गया। इस दौरान उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों को टूल किट, कंबल, छाते और सैनिटरी पैड सहित कई आवश्यक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे विधायक राम सिंह कैड़ा ने श्रमिकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
विधायक कैड़ा ने कहा कि पहले यहां के ग्रामीणों को आवश्यक सामग्री लेने के लिए हजारों रुपये खर्च कर हल्द्वानी जाना पड़ता था, लेकिन अब सरकार की पहल से यह सुविधाएं उनके गांव तक पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। इनमें श्रमिकों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति, बालिकाओं के विवाह हेतु आर्थिक सहायता, प्रसूति महिलाओं के लिए सहयोग और श्रमिक की मृत्यु के बाद आश्रितों के लिए अनुदान जैसी योजनाएं शामिल हैं।
कैड़ा ने बताया कि सरकार श्रमिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और रक्त जांच की भी सुविधा उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि भीमताल क्षेत्र के धारी, ओखलकांडा, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में ऐसे कैंप आयोजित किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक श्रमिक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।