भीमताल : उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को हल्दूचौड़ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में कई विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में 846.87 लाख रुपये की योजनाओं की सौगात दी।
इस अवसर पर मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि सरकार प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में क्लस्टर विद्यालयों की स्थापना और उनमें आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेसहारा, निर्धन और असहाय बच्चों के लिए “नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास” बनाए जा रहे हैं, जिससे वे इंटर तक निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें।
इस दौरान शिक्षा मंत्री द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज हल्दूचौड़ एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रामनगर में 660 लाख रुपये की लागत से नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास का निर्माण ,
80.31 लाख रुपये की लागत से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कोटाबाग में भौतिक, रसायन और जीव विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण,88.56 लाख रुपये की लागत से राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज कोटाबाग और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जवाहर ज्योति में अतिरिक्त कला कक्ष एवं कला और शिल्प कक्ष का निर्माण, राजकीय प्राथमिक विद्यालय गिनती गांव कोटाबाग और राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय पतलिया कोटाबाग में 9-9 लाख रुपये की लागत से बने नए कक्षों का लोकार्पण किया गया ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने अपने विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने इन मांगों को स्वीकृति देने का आश्वासन दिया।
इस दौरान पूर्व विधायक नवीन दुमका, मुख्य शिक्षाधिकारी गोविंद जायसवाल, खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह राणा, प्रधानाचार्य जी.एस. सेंगर, डॉ. हिमांशु पांडे, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित दुमका, नवीन पपोला, दिनेश खुलवे, कमलेश कबड़वाल, ललित सनवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राज्य सरकार की इस पहल से दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे शिक्षा का स्तर और ऊंचा उठेगा।