रामगढ़ ब्लॉक के गांवों में पहुंचे विधायक कैड़ा, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

हर ब्लॉक में लगाए जाएंगे वेदर स्टेशन, किसानों को मिलेगा सही फसल बीमा लाभ

भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने रामगढ़ ब्लॉक के लोसज्ञानी, नथुवाखान, भलाड़ सहित अन्य गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों और किसानों ने आलू फसल बीमा, बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क व पेयजल से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।
ग्रामीणों ने बताया कि वेदर स्टेशन सही स्थान पर न लगाए जाने के कारण किसानों को फसल बीमा का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस वर्ष आलू फसल बीमा राशि बेहद कम मिलने से किसानों में रोष है। इस पर विधायक कैड़ा ने शासन स्तर पर कृषि एवं उद्यान विभाग के उपनिदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र सिंह यादव से फोन पर वार्ता कर स्थिति से अवगत कराया।
विधायक कैड़ा ने कहा कि वेदर यंत्रों की गलत लोकेशन किसानों के लिए नुकसानदेह साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि इस विषय को लेकर वे पहले ही कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर किसानों की समस्याएं रख चुके हैं। विधायक के आग्रह पर अब भीमताल विधानसभा क्षेत्र के चारों ब्लॉकों में ग्राम पंचायतों के मध्य उपयुक्त स्थानों पर वेदर स्टेशन लगाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को उचित आलू फसल बीमा दिलाने के लिए एसबीआई बीमा कंपनी पर आवश्यक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही विधायक ने बिजली, पानी, सड़क व स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को शीघ्र राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *