ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलें, विधायक कैड़ा ने प्रशासन से मांगा मुआवजा

भीमताल : विधानसभा भीमताल में सोमवार शाम हुई तेज ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के खेतों में खड़ी फल और सब्जियों की फसलें पूरी तरह से तबाह हो गई हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक राम सिंह कैड़ा ने जिला प्रशासन से तत्काल सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा देने की मांग की है।विधायक कैड़ा ने अधिकारियों से बातचीत में कहा कि यह क्षेत्र फल, सब्जी और काश्तकारी पर आधारित है। यहां के अधिकांश ग्रामीण अपनी आजीविका के लिए पूरी तरह खेती पर निर्भर हैं। ओलावृष्टि से पुलम, खुमानी, टमाटर, मिर्च जैसी नकदी फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
उन्होंने जिला प्रशासन से प्रभावित गांवों में त्वरित सर्वे कराकर किसानों को उनके नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की। विधायक कैड़ा ने कहा कि यदि समय रहते राहत नहीं पहुंचाई गई, तो किसानों की हालत और भी गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से शीघ्र सहायता और फसल बीमा की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी प्राकृतिक आपदाओं से उन्हें राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *