विधायक कैड़ा ने धारी ब्लॉक के गांवों का दौरा कर जानी ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के विधायक राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को धारी ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने सरना, भालूखोफा, कशानी, खालाखेत, शेरूवाकनाला आदि गांवों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया।
ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष बिजली, पेयजल और सड़क से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से रखीं। विधायक राम सिंह कैड़ा ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मोटर मार्गों के डामरीकरण एवं नव निर्माण के लिए शीघ्र डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुचारु करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
विधायक कैड़ा ने कहा कि सरकार की योजनाएं गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचें, इस दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। आम जनता तक पहुंचकर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि जिन गांवों में अभी तक सड़क सुविधा नहीं है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेस-4 के अंतर्गत सड़क से जोड़ने के लिए प्रस्ताव भेज दिए गए हैं। जल्द ही इन गांवों में भी मोटर मार्गों का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *