भीमताल। विधानसभा भीमताल से वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने केंद्रीय बजट–2026 को दिशाहीन, फीका और घोर निराशाजनक करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस बजट में उत्तराखंड के लिए किसी भी बड़े मेगा प्रोजेक्ट की घोषणा नहीं की गई है, जिससे राज्य की जनता को गहरी निराशा हुई है।
शर्मा ने कहा कि बजट में उत्तराखंड के किसानों के लिए भी कोई ठोस प्रावधान नहीं है। रेलवे से जुड़ी किसी प्रकार की बोनस अथवा नई सौगात न मिलना भी निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि सोना-चांदी की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी हैं, लेकिन महंगाई पर नियंत्रण को लेकर बजट में कोई प्रभावी उपाय नहीं दिखता।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में वन्य जीव संघर्ष के कारण किसानों और ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है, लेकिन इसके लिए किसी अनुदान या राहत योजना का प्रावधान नहीं किया गया। उत्तराखंड प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। आपदाओं से राज्य के बुनियादी ढांचे को भारी क्षति हुई है, बावजूद इसके किसी विशेष बजट पैकेज की घोषणा नहीं की गई।
कांग्रेस नेता ने कहा कि कुल मिलाकर इस बजट में उत्तराखंड को कुछ भी नहीं मिला है और केवल लीपा-पोती करने का काम किया गया है। राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में भी यह बजट आर्थिक समस्याओं का केवल सतही समाधान प्रस्तुत करता है। बजट में सरकार की दूरदर्शिता और नए विचारों की कमी साफ झलकती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में गरीबों, पेंशनभोगियों और कम वेतन वाले श्रमिकों को नजरअंदाज किया गया है। यह बजट केवल चुनिंदा पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने वाला है, जबकि आम आदमी की खुशहाली के लिए इसमें कुछ भी नहीं है।