विधायक कैड़ा ने धारी ब्लॉक के गांवों का किया दौरा, सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

धारी से कौल–धानाचुली मोटर मार्ग पर डामरीकरण व नव निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने का आश्वासन

भीमताल। विधानसभा भीमताल क्षेत्र के विधायक राम सिंह कैड़ा ने धारी ब्लॉक के अंतर्गत कौल, धानाचुली, गाड़खेत, थिरोली, बसगांव, मज्यूली समेत विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पानी, सड़क व स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी दिक्कतों को विधायक के सम्मुख विस्तार से रखा।
ग्रामीणों ने बताया कि धारी से कौल–धानाचुली तक मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूर्व में राज्य योजना के अंतर्गत कराया जा चुका है, लेकिन सड़क पर डामरीकरण न होने से उनको भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कच्ची एवं क्षतिग्रस्त सड़क के कारण आवागमन, स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों व वाहन चालकों को विशेष दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
ग्रामीणों ने विधायक कैड़ा से उक्त मोटर मार्ग पर डामरीकरण कराने के साथ ही इस मार्ग को परबड़ा मोटर मार्ग से जोड़े जाने की मांग रखी।
विधायक राम सिंह कैड़ा ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि धारी से कौल–धानाचुली मोटर मार्ग पर डामरीकरण एवं लगभग एक किलोमीटर मोटर मार्ग के नव निर्माण कार्य के लिए पीएमजीएसवाई फेज–4 के अंतर्गत स्वीकृति करा दी गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग को शीघ्र कार्ययोजना बनाकर डामरीकरण एवं नव निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जा रहा है तथा चरणबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *