विधायक कैड़ा ने किया रामगढ़ ब्लॉक का दौरा, सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कर मुआवजा देने के निर्देश

भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को रामगढ़ ब्लॉक के ल्वेशाल, डालकन्या, खैरदा, प्यूड़ा सहित कई गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक को ओलावृष्टि से फसलों को हुए भारी नुकसान, बिजली-पानी की आपूर्ति, जर्जर सड़कों और शिक्षा व्यवस्था जैसी समस्याओं से अवगत कराया। विधायक कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ व भीमताल ब्लॉक मुख्यतः फल, सब्जी व अन्य कृषि उत्पादों के लिए जाने जाते हैं। यहां के ग्रामीण कृषि पर निर्भर रहते हुए अपनी आजीविका चलाते हैं।
उन्होंने बताया कि हाल ही में क्षेत्र में हुई भारी ओलावृष्टि से किसानों की आड़ू, पुलम, खुमानी, टमाटर, मिर्च, आलू, मटर व बीन जैसी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि तत्काल प्रभाव से नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा, विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन पर निर्देश देते हुए ग्रामीणों की बिजली, पानी, सड़क और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने को कहा। उन्होंने आश्वासन दिया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *