विधायक कैड़ा ने ओखलकांडा में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने शनिवार को ओखलकांडा ब्लॉक के ककोड़, नैथना, चमोली गाजा, लुगड़, ककोड़ गाजा समेत कई गाँवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बिजली, पानी, स्वास्थ्य सुविधाएं और सड़कों की दुर्दशा को लेकर विधायक के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त की। विधायक कैड़ा ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के निराकरण में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक ने जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रही पेयजल योजनाओं को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल सुविधा शीघ्र मिल सके।
इस दौरान विधायक कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे। सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक गाँव और प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचे, इसी दिशा में हम निरंतर कार्य कर रहे हैं। ग्रामीणों ने विधायक के दौरे को सकारात्मक बताते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर पहली बार मौके पर जाकर सुनवाई की गई है। ग्रामीणों ने अपेक्षा जताई कि जल्द ही धरातल पर समाधान भी दिखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *