निवेश और डिजिटल बैंकिंग की दी विस्तृत जानकारी
भीमताल : माइंड पावर यूनिवर्सिटी सभागार में भारतीय रिजर्व बैंक, देहरादून के तत्वावधान में शनिवार को वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें बैंक के जिला प्रबंधक भरतराज आनंद ने बचत, निवेश, बीमा और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग जैसे विषयों पर छात्रों और शिक्षकों को विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में छात्रों ने भी वित्तीय मामलों को लेकर कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने पूरी तरह संतोषजनक जवाब दिया। इसके बाद हल्द्वानी के वित्तीय साक्षरता सलाहकार सुरेश कुमार बिष्ट ने भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा वित्तीय सहायता के विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।
इस कार्यक्रम में कुल 60 छात्र-शिक्षक मौजूद रहे। विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. योगेश कुमार ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम वर्तमान समय की जरूरत हैं और यह लोगों को वित्तीय समझदारी बढ़ाने में मददगार साबित होंगे।