होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य सुरक्षा के नियमों का पाठ, 60 से अधिक कारोबारियों ने लिया हिस्सा

भीमताल : जिले में खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग नैनीताल की ओर से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम एवं कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों, एफएसएसएआई लाइसेंस और खाद्य गुणवत्ता से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला का आयोजन होटल अमरद्वीप, होटल शीतल, होटल सेवन स्टोन एंड रेस्टोरेंट, आनंद उडुप्पीवाला रेस्टोरेंट और रामपुर रोड स्थित होटल क्लेि एंड रेस्टोरेंट समेत विभिन्न स्थानों पर किया गया। कार्यक्रम में होटल स्वामी, प्रबंधक, चीफ शेफ, शेफ और सहयोगी स्टाफ सहित होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों ने भागीदारी की।
कार्यक्रम में डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत, उपायुक्त (खाद्य संरक्षा) कुमाऊं मंडल ने कहा कि “सुरक्षित आहार-स्वास्थ्य का आधार” खाद्य सुरक्षा का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने गुणवत्तायुक्त व पौष्टिक खाद्य पदार्थों की उपलब्धता, एफएसएसएआई की भूमिका, लाइसेंस की अनिवार्यता, एक्सपायरी खाद्य सामग्री और पैकेटबंद उत्पादों की लेबलिंग संबंधी नियमों की विस्तृत जानकारी दी।
सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा अजब सिंह रावत ने होटल व्यवसायियों को गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिसेज, स्वच्छ रसोई, सुरक्षित पेयजल, खाद्य भंडारण, पेस्ट कंट्रोल और ईट राइट इंडिया अभियान के तहत RUCO (रीयूज्ड कुकिंग ऑयल) व फूड फोर्टिफिकेशन जैसे विषयों पर जागरूक किया।
कार्यशाला में मौजूद होटल व रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में जिलेभर से 60 से अधिक होटल और रेस्टोरेंट व्यवसायियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *