हल्द्वानी या रुद्रपुर में मिले प्रधानमंत्री राहत कोष की सुविधा: सांसद अजय भट्ट

भीमताल : उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के लोगों को प्रधानमंत्री राहत कोष से चिकित्सा सहायता दिलाने के लिए सांसद अजय भट्ट ने लोकसभा में अहम मुद्दा उठाया है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि हल्द्वानी या रुद्रपुर में किसी अस्पताल को इस योजना में शामिल किया जाए, ताकि कुमाऊं क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए देहरादून न जाना पड़े।
सांसद अजय भट्ट ने शून्यकाल में प्रश्न उठाते हुए कहा कि वर्तमान में प्रदेश में सिर्फ देहरादून स्थित अस्पताल ही प्रधानमंत्री राहत कोष से सहायता प्राप्त करने के लिए अधिसूचित है। ऐसे में कुमाऊं के दूरस्थ जिलों—बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और अल्मोड़ा के मरीजों को 17-18 घंटे की लंबी यात्रा कर देहरादून पहुंचना पड़ता है।उन्होंने विशेष रूप से सीमांत क्षेत्रों जैसे कुटटी, नाभी, रोकग, गूंजी, नपचलयु, गर्बयांग, बूँदी और कॉलिजोंग का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां के मरीजों को समय पर इलाज न मिलने के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में हल्द्वानी या रुद्रपुर के किसी अस्पताल को प्रधानमंत्री राहत कोष में शामिल करने से लाखों लोगों को राहत मिलेगी।
सांसद अजय भट्ट ने केंद्र सरकार से मांग की कि इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जाए और जल्द से जल्द हल्द्वानी या रुद्रपुर में एक अस्पताल को इस योजना में अधिसूचित किया जाए, ताकि कुमाऊं क्षेत्र की जनता को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *