उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी

दो चरणों में होंगे चुनाव, 25 जून से नामांकन प्रक्रिया शुरू, 19 जुलाई को होगी मतगणना

भीमताल : राज्य निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड के 12 जनपदों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। जनपद हरिद्वार को छोड़कर शेष जिलों में दो चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया 25 जून से शुरू होकर 28 जून तक चलेगी। मतदान क्रमशः 10 और 15 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना 19 जुलाई को की जाएगी। चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने शनिवार को प्रेसवार्ता में चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी। इस अवसर पर आयोग के सचिव राहुल कुमार गोयल और संयुक्त सचिव कमलेश मेहता भी मौजूद रहे।
————————————————
पहले और दूसरे चरण में शामिल विकासखंड

पहले चरण में अल्मोड़ा, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत, ऊधमसिंहनगर, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, देहरादून व पौड़ी के कुल 59 विकासखंडों में मतदान 10 जुलाई को होगा।
दूसरे चरण में इन जिलों के शेष 30 विकासखंडों में मतदान 15 जुलाई को कराया जाएगा।
————————————————
नामांकन से लेकर मतगणना तक का पूरा कार्यक्रम
• नामांकन: 25 से 28 जून (सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक)
• नामांकन पत्रों की जांच: 29 जून से 1 जुलाई
• नाम वापसी: 2 जुलाई (सुबह 8 से दोपहर 3 बजे तक)
• प्रतीक आवंटन: पहले चरण के लिए 3 जुलाई, दूसरे के लिए 8 जुलाई
• मतदान: 10 जुलाई (प्रथम चरण), 15 जुलाई (द्वितीय चरण)
• मतगणना: 19 जुलाई से
————————————————
कुल मतदाता 47.77 लाख, 10.57 प्रतिशत की वृद्धि

चुनाव में इस बार कुल 47,77,072 मतदाता हिस्सा लेंगे, जिनमें 23,10,996 महिलाएं, 24,65,702 पुरुष और 374 अन्य शामिल हैं। 2019 की तुलना में मतदाताओं की संख्या में 10.57 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
————————————————
66418 पदों के लिए होंगे चुनाव

राज्य के 89 विकासखंडों में सदस्य ग्राम पंचायत के 55,587, ग्राम प्रधान के 7,499, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 2,974 और जिला पंचायत सदस्य के 358 पदों के लिए निर्वाचन होगा। कुल 8276 मतदान केंद्रों पर 10529 मतदान स्थल बनाए गए हैं।
———————————————-
कड़ी निगरानी, आचार संहिता का सख्त पालन

आयोग द्वारा 55 सामान्य प्रेक्षक नियुक्त किए गए हैं जबकि 12 प्रेक्षक रिजर्व में रखे गए हैं। प्रत्येक जिले में व्यय निगरानी अधिकारी तैनात होंगे जो आयोग को प्रतिदिन रिपोर्ट भेजेंगे। जिला स्तर पर जब्ती व प्रवर्तन के लिए पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग की टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें अवैध शराब, नकदी, मादक पदार्थों व अन्य प्रलोभनों पर कार्रवाई करेंगी।
————————————————
95909 कार्मिकों की तैनाती, सुरक्षा होगी चाक-चौबंद

चुनाव संचालन के लिए 95,909 कार्मिक लगाए जाएंगे, जिनमें से 35,700 सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि मानसून को ध्यान में रखते हुए सभी जिलों को विशेष आपदा प्रबंधन योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
————————————————
प्रत्याशियों के लिए व्यय सीमा निर्धारित

राज्य निर्वाचन आयोग ने उम्मीदवारों के लिए व्यय सीमा तय की है:
• ग्राम पंचायत सदस्य: ₹10,000
•ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य: ₹75,000
•जिला पंचायत सदस्य: ₹2 लाख
————————————————
टोल फ्री नंबर और वेबसाइट से जानकारी लें

राज्य निर्वाचन आयोग ने टोल फ्री नंबर 18001804280 जारी किया है। पंचायत निर्वाचन से जुड़ी सभी जानकारियां व मतदाता सूची आयोग की वेबसाइट www.sec.uk.gov.in पर उपलब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *