अब डिजिटल होगी स्वास्थ्य व्यवस्था, एसटीएच में एबीडीएम क्रियान्वयन पर मिला प्रशिक्षण

सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज में कार्यशाला आयोजित, स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ने पर जोर

भीमताल। स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम), उत्तराखंड की ओर से कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यशाला में मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एबीडीएम, एचएमआईएस समेत डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला की अध्यक्षता अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्वेता भंडारी ने की। इस दौरान एबीडीएम उत्तराखंड की प्रबंधक प्रज्ञा पालिवाल ने कहा कि राज्य मिशन निदेशक के निर्देशों के तहत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और डिजिटल बनाया जा सके।

आभा आईडी से मिलेगी आसान स्वास्थ्य सेवा :

कार्यशाला में प्रतिभागियों को हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री (एचपीआर), हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री (एचएफआर), हेल्थ रिकॉर्ड लिंकेज, स्कैन एंड शेयर, स्कैन एंड पे और एबीडीएम कंप्लायंट एचएमआईएस के क्रियान्वयन संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। प्रज्ञा पालिवाल ने कहा कि हेल्थ सेक्टर में एबीडीएम का क्रियान्वयन अब अनिवार्य होता जा रहा है तथा प्रदेश के प्रत्येक जनपद में योजनाबद्ध तरीके से मॉडल फेसिलिटी विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि आभा (ABHA) आईडी के माध्यम से मरीजों को स्कैन एंड शेयर सुविधा का लाभ मिल रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सरल और सुलभ बन रही हैं। कार्यशाला में प्रोजेक्टर के माध्यम से एबीडीएम की संपूर्ण प्रक्रिया और उसके महत्व को विस्तार से समझाया गया।

अधिकारी और विशेषज्ञ रहे मौजूद :

कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के प्रधानाचार्य डॉ. गोविन्द सिंह तितियाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन मेहरा, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, सरकारी एवं निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि, एनआईसी अधिकारियों सहित कई विशेषज्ञ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डीपीएम मदन मेहरा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *