भीमताल, 26 मई। माननीय उच्च न्यायालय नैनीताल के आदेश के अनुपालन में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और नियंत्रित बनाने के उद्देश्य से गठित समिति की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को एलडीए सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त दीपक रावत ने की।
बैठक में नैनीताल शहर में बढ़ते यातायात दबाव, पार्किंग, टैक्सी संचालन और पर्यटन सीजन के दौरान यातायात नियंत्रण को लेकर व्यापक चर्चा की गई। व्यापार मंडल तल्लीताल एवं मल्लीताल, होटल एसोसिएशन, टैक्सी यूनियन तथा संबंधित अधिवक्ताओं समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने सुझाव रखे।
सभी सदस्यों ने नैनीताल में यातायात के बेहतर नियमन एवं नियंत्रण के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन पर विस्तार से चर्चा करते हुए समिति ने विभिन्न प्रस्तावों पर सहमति व्यक्त की। बैठक में यातायात प्रबंधन को और प्रभावी बनाने तथा आमजन व पर्यटकों को राहत पहुंचाने के उपायों पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी, एडीएम डॉ. जगदीश चंद्रा, एडीएम सौरभ असवाल, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजयनाथ शुक्ल, आरटीओ गुरदेव सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय, अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा व्यापार, होटल और टैक्सी संगठनों के प्रतिनिधियों तथा अधिवक्ताओं ने भी बैठक में भाग लेकर अपने सुझाव साझा किए।