राजभवन में 11 जून को होगा ‘एक शाम सैनिकों के नाम’ कार्यक्रम

वीरता, शौर्य और सेवा को मिलेगा सम्मान, राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित

भीमताल : उत्तराखण्ड की वीरभूमि के रणबांकुरों को समर्पित ‘एक शाम सैनिकों के नाम’ कार्यक्रम आगामी 11 जून को राजभवन नैनीताल में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) की विशेष पहल पर किया जा रहा है। कार्यक्रम में वीरता पदक प्राप्त सैनिकों, सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि और सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है। यहां के युवाओं ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देकर राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। यह कार्यक्रम उन वीरों के प्रति श्रद्धांजलि और कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रयास है। इससे नई पीढ़ी को भी प्रेरणा मिलेगी। गौरतलब है कि राज्य में हर वर्ष लगभग 20 से 30 सैनिकों को वीरता पदक से नवाजा जाता है। प्रदेश का हर पांचवां बलिदानी सैनिक उत्तराखण्ड से होता है। देहरादून में इस आयोजन की सफलता के बाद अब इसे कुमाऊं मंडल में विस्तार देते हुए राजभवन नैनीताल में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में सम्मानित होने वाले सैनिकों को प्रशंसा पत्र भी दिए जाएंगे जो उनकी वीरता और सेवा के प्रति राज्य की कृतज्ञता का प्रतीक होंगे। राजभवन द्वारा आयोजित यह अभिनव पहल न केवल सैनिकों का सम्मान है, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *