100 बेड के मानसिक चिकित्सालय का सांसद अजय भट्ट ने किया स्थलीय निरीक्षण

कुमाऊं मंडल के लिए वरदान साबित होगा गेठिया स्थित अस्पताल

भीमताल : पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-उधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने रविवार को गेठिया स्थित 100 बेड के निर्माणाधीन मानसिक चिकित्सालय का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ नैनीताल विधायक सरिता आर्या, वरिष्ठ भाजपा नेता हरीश बिष्ट सहित विभागीय अधिकारी व पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सांसद भट्ट ने कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने बताया कि इस अस्पताल का निर्माण ₹4456.92 लाख की लागत से किया जा रहा है, जिसमें से शासन द्वारा अब तक ₹1492.97 लाख की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य में फिलहाल सेलाकुई में ही एकमात्र मानसिक चिकित्सालय संचालित है, ऐसे में गेठिया में अस्पताल का निर्माण कुमाऊं मंडलवासियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं होगा।
सांसद भट्ट ने बताया कि प्रस्तावित चिकित्सालय में 36 बेड पुरुष, 36 बेड महिला, 10 बेड बालक, 10 बेड बालिका व पांच अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल निर्माण कार्य का 20 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है और 2026 तक अस्पताल को पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान विधायक सरिता आर्या ने भी अस्पताल को क्षेत्र की बड़ी स्वास्थ्य उपलब्धि बताते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *