पहाड़पानी इंटर कॉलेज को मिली नई सौगात, मंत्री कैड़ा ने किया भवन का लोकार्पण

भीमताल। धारी विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज पहाड़पानी में लंबे समय से कक्ष कक्षों और प्रयोगशाला की कमी से जूझ रहे छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिली है। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को विद्यालय में नव निर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान ग्रामीणों और अभिभावकों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार जताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कैड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे उन्हें पढ़ाई के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मंत्री ने बताया कि पहाड़पानी इंटर कॉलेज में कक्ष कक्षों और प्रयोगशाला के अभाव को देखते हुए क्षेत्रीय जनता और अभिभावकों की मांग पर भवन निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कराई गई थी। अब भवन के निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसका लाभ क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल विकासखंड क्षेत्रों में दो दर्जन से अधिक इंटर कॉलेजों और हाईस्कूलों के भवन निर्माण एवं अन्य विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं।

जनता दरबार में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

लोकार्पण कार्यक्रम के बाद मंत्री कैड़ा ने जनता दरबार लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उनके समक्ष रखीं। मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख भावना आर्य, भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णा मेलकानी, ललित मोहन शर्मा, डीके आर्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य अनिल कुमार, प्रकाश चंद्र, विवेक डंगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *