“मेरा वोट मेरी पहचान, मेरा वृक्ष मेरी जान” थीम पर मतदाता जागरूकता और हरियाली का संकल्प

स्वीप नैनीताल की पहल, 9000 से अधिक पौधे लगाकर वोटिंग और पर्यावरण के प्रति दिया जागरूकता का संदेश

भीमताल : हरेला पर्व के अवसर पर मतदाता जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण का अद्वितीय संगम देखने को मिला। स्वीप (SVEEP) नैनीताल द्वारा “मेरा वोट मेरी पहचान, मेरा वृक्ष मेरी जान” थीम पर एक विशेष जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विकास भवन परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं स्वीप समन्वयक गोविंद राम जायसवाल तथा जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरि गोस्वामी ने किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई गई, जिसमें लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। विकास भवन परिसर में न केवल पौधरोपण किया गया, बल्कि परिसर की सफाई भी की गई। उद्यान विभाग की ओर से कार्यक्रम में निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए गए। बताया गया कि स्वीप के तहत अब तक जिले में 9000 से अधिक पौधे रोपे जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त जिले की सभी विधानसभाओं के बूथों पर भी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिससे यह अभियान जन सहभागिता का उदाहरण बन गया है।
इस अवसर पर एपीडी चंद्रा फर्त्याल, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी डॉ. मुकेश नेगी, सहित कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वीप टीम के राकेश लाल वर्मा, गोविंद मर्तोलिया और दीपा रैकवाल सहित कई लोगों ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *