प्रकाश आर्य का आरोप: “पार्टी में हुआ भीतरघात, साजिश के चलते हारा चुनाव”

भीमताल : भाजपा के पालिकाध्यक्ष प्रत्याशी प्रकाश आर्य ने निकाय चुनाव में मात्र तीन वोटों से हारने के बाद अपनी ही पार्टी के भीतर साजिश और भीतरघात का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जनता का भरपूर समर्थन होने के बावजूद पार्टी के कुछ गुटों ने उनकी जीत में बाधा डालने का काम किया।
प्रकाश आर्य का कहना है कि चुनाव प्रचार के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने न केवल उनका साथ नहीं दिया, बल्कि उनके खिलाफ माहौल तैयार कर उन्हें कमजोर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के कुछ नेताओं ने अपने निजी स्वार्थों के कारण मजबूत बूथों पर जानबूझकर नुकसान पहुंचाया।
आर्य ने कहा, “जिन कार्यकर्ताओं ने ईमानदारी से मेरा साथ दिया, उनके खिलाफ साजिश रचकर उन्हें अलग-थलग किया गया। टिकट मिलने से पहले भी मेरे खिलाफ माहौल तैयार किया गया। इन साजिशों के कारण मुझे हार का सामना करना पड़ा।”
उन्होंने पार्टी नेतृत्व से ऐसे गुटबाज और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त कार्यकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की। आर्य ने कहा कि पार्टी में मौजूद ऐसे तत्व संगठन की एकता और मजबूती को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
चुनाव में मामूली अंतर से हारने के बाद प्रकाश आर्य का यह बयान भाजपा के स्थानीय संगठन में गुटबाजी और असंतोष को उजागर करता है। उनका आरोप पार्टी के लिए आत्ममंथन का विषय बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *