भीमताल, 18 जुलाई । विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद नैनीताल को 1000 कंट्रोल यूनिट (CU) और 700 वीवीपैट (VVPAT) इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें प्राप्त हुई हैं। यह मशीनें बिहार के पश्चिमी चंपारण जनपद से उत्तराखंड के नैनीताल जिले के लिए आवंटित की गई हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड और जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देशानुसार निर्वाचन तैयारियों के तहत ईवीएम प्राप्त की गई हैं।
मशीनों को निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए जीपीएस युक्त वाहनों से ट्रैकिंग सिस्टम के माध्यम से नैनीताल जिले तक सुरक्षित पहुंचाया गया। जिले में पहुंचने के बाद सभी मशीनों को इलेक्ट्रॉनिक रूप से डाटाबेस में दर्ज किया गया।
इसके बाद ईवीएम और वीवीपैट को राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में हल्द्वानी स्थित ईवीएम वेयरहाउस में सुरक्षित रूप से रखवाया गया। मशीनों की स्कैनिंग एवं सत्यापन का कार्य भी भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार पूर्ण कर लिया गया है।
सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ईवीएम वेयरहाउस में सुरक्षित रखा गया है। वेयरहाउस की चाबियां उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार के माध्यम से कोषागार में सुरक्षित रखी गई हैं।
ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी एवं सुरक्षित वातावरण में संपादित की गई।