सीएम धामी के समक्ष उठीं पत्रकारों की समस्याएं, ज्ञापन सौंपकर की समाधान की मांग

भीमताल। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने शनिवार को भीमताल में पुष्कर सिंह धामी को पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं के निस्तारण के लिए ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अफजाल हुसैन फौजी और नगर अध्यक्ष गौरव जोशी ने किया।
ज्ञापन में पत्रकारों ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के लंबित भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। बताया गया कि पूर्व में निजी अस्पतालों में कराए गए उपचार के बिलों का भुगतान होता था, लेकिन वर्तमान में कई बिल लंबित हैं। नई व्यवस्था के तहत केवल सरकारी अस्पतालों और एम्स दिल्ली, डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल तथा पीजीआई चंडीगढ़ में ही उपचार की अनुमति दी गई है, साथ ही एक लाख रुपये की सीमा तय कर दी गई है। पत्रकारों का कहना है कि आपात स्थिति में इन अस्पतालों तक समय पर पहुंचना कठिन होता है, जिससे गंभीर स्वास्थ्य जोखिम उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने नियमों में संशोधन अथवा इन संस्थानों में प्राथमिकता के आधार पर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
इसके अलावा समाचार पोर्टलों की विज्ञापन सूचीबद्धता प्रक्रिया में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई गई। बताया गया कि मई 2025 में चार वर्ष बाद शुरू हुई प्रक्रिया 11 माह बाद भी पूरी नहीं हो सकी है और अब भी पुरानी सूची के आधार पर विज्ञापन जारी किए जा रहे हैं। पत्रकारों ने नई सूची जल्द जारी करने की मांग की।
वरिष्ठ पत्रकारों की मान्यता नवीनीकरण में देरी का मुद्दा भी उठाया गया। बताया गया कि एलआईयू रिपोर्ट में तकनीकी कारणों से प्रक्रिया लंबित है, जिसे शीघ्र पूरा करने की मांग की गई।
इसके साथ ही राष्ट्रीय सहारा से जुड़े पत्रकारों की मान्यता बहाल करने की मांग भी रखी गई। बताया गया कि देहरादून से प्रकाशन बंद होने के कारण नवीनीकरण नहीं किया गया, जबकि प्रबंधन द्वारा जल्द प्रकाशन पुनः शुरू करने की बात कही गई है।
पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि शासन इन समस्याओं पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगा।
इस दौरान अफजाल हुसैन फौजी, गौरव जोशी, आकांक्षी माड़मी, हरीश पांडे, विजय थापा, हेमंत रावत, निर्मल नेगी, वैभव बिष्ट, कुलदीप कुमार, अमित पड़लिया समेत अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *