भीमताल : विकास खंड रामनगर में बुधवार को प्रमुख क्षेत्र पंचायत श्रीमती मंजू नेगी की अध्यक्षता में बीडीसी बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख श्रीमती मंजू नेगी ने मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल का स्वागत कर किया।
बैठक में पेयजल, सिंचाई, कृषि, सड़क, बिजली, खाद्य आपूर्ति, समाज कल्याण और शिक्षा विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी और विभागीय लापरवाही के मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे तत्परता के साथ क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। समाज कल्याण एवं चिकित्सा विभाग को क्षेत्र में विशेष कैंप आयोजित कर लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
सिंचाई और पेयजल विभाग को निर्देश दिए गए कि वे तत्काल क्षेत्र में जाकर स्थलीय निरीक्षण करें और समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। खाद्य आपूर्ति विभाग को राशन कार्ड में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए खुली बैठकों में प्रस्ताव पारित करने तथा प्रस्ताव को खंड विकास अधिकारी कार्यालय में चस्पा कर 15 दिन तक आपत्तियां आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई और पीएमजीएसवाई को सड़कों की मरम्मत और गड्ढा भरान का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को 20 मई तक विशेष अभियान चलाकर झूलते तारों, गिरे पोलों सहित सभी शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर समाधान करने को कहा गया।
बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख, कनिष्ठ प्रमुख, उप जिलाधिकारी रामनगर, सहायक परियोजना निदेशक नैनीताल, जिला पंचायती राज अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन खंड विकास अधिकारी रामनगर द्वारा किया गया।