नैनीताल में निर्माण कार्यों की समीक्षा: आयुक्त दीपक रावत सख्त, गंदगी पर जताई नाराजगी

समयसीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश, सीसीटीवी निगरानी के आदेश

भीमताल, 06 मई। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने बुधवार को नैनीताल नगर में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, अन्यथा कार्रवाई तय मानी जाए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने माल रोड पर लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे सड़क सुधारीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि एंकरिंग सहित सुरक्षात्मक कार्य जारी हैं और 51 में से 11 माइक्रोपाइल लगाए जा चुके हैं। 31 जून तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। आयुक्त ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएसए परिसर में 5 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे फसाड निर्माण, शौचालय, चेंजिंग रूम और बैडमिंटन कोर्ट सुधारीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने 15 जून तक शौचालय एवं चेंजिंग रूम हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
खड़ी बाजार और बड़ा बाजार क्षेत्र में 2.38 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सड़क सौंदर्यीकरण एवं अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए आयुक्त ने कहा कि वे स्वयं इसकी मॉनिटरिंग करेंगे। साथ ही दो दिन के भीतर आईपी आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाने और बरसात से पहले भूमिगत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बी.डी. पांडे चिकित्सालय परिसर में मंडी परिषद द्वारा 9.13 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे आवासीय भवनों का निरीक्षण किया गया, जहां कार्य बंद मिलने पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अगले ही दिन से कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
चार्टन लॉज-आभागढ़ क्षेत्र में गंदगी और कूड़े के ढेर मिलने पर आयुक्त ने नगर पालिका को फटकार लगाई। तत्काल सीसीटीवी कैमरे लगाने, चार कर्मचारियों की नियमित तैनाती करने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों से भी स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।
रोडवेज बस अड्डे के निरीक्षण के दौरान परिसर में फैली गंदगी पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी बढ़ाकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि सभी कार्य तय समय के भीतर पूरे किए जाएं, वे स्वयं पुनः निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करेंगे।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव विजय नाथ शुक्ल, उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *