भीमताल की खस्ताहाल सड़कों के सुधार के लिए 23 सितंबर को होगी समीक्षा बैठक

भीमताल। नगर भीमताल की आंतरिक और बाह्य सड़कों की जर्जर स्थिति को सुधारने के लिए आगामी 23 सितंबर को विकास भवन, भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आईएएस अनामिका सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बरसात के इस मौसम में शहर की सड़कों पर गड्ढे, जलभराव और कीचड़ ने स्थानीय निवासियों की रोजमर्रा की जिंदगी मुश्किल बना दी है। नगर के 9 वार्डों, पर्यटन मार्गों और सिडकुल क्षेत्र की सड़कों की स्थिति भी बेहद खराब है। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने इस समस्या को गंभीरता से उठाते हुए मुख्य विकास अधिकारी से सभी सड़कों की जांच, ड्रेनेज सिस्टम की मरम्मत और पर्यटन सड़कों की डामरीकरण की मांग की। इस मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सीडीओ ने अधिशासी अभियंता (लोक निर्माण विभाग, भवाली), जनरल मैनेजर (सिडकुल, भीमताल), अधिशासी अधिकारी (नगर पालिका, भीमताल) और खंड विकास अधिकारी (भीमताल) को समीक्षा बैठक में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को पूरी आख्या रिपोर्ट के साथ बैठक में उपस्थित होने को कहा गया है। स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि इस बैठक के बाद नगर की सड़कों की स्थिति में सुधार होगा और आवागमन की समस्याओं का समाधान संभव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *