भीमताल, 4 अप्रैल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ ब्लॉक में खराब सड़कों से जूझ रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। क्षेत्र के सुरमाने बैंड से मल्ला गहना और शीतला से छतोला मोटर मार्ग के डामरीकरण व सुधारीकरण के लिए 1 करोड़ 56 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि इन दोनों मोटर मार्गों की स्थिति लंबे समय से खराब थी, जिससे ग्रामीणों, किसानों और आम लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बरसात के दिनों में सड़कें कीचड़ से भर जाती थीं और वाहन फंसने की समस्या आम हो गई थी।
ग्रामीणों की मांग पर मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मंत्री ने कहा कि जल्द ही दोनों मोटर मार्गों पर डामरीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने बताया कि भीमताल विधानसभा के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है।
सड़क स्वीकृति पर क्षेत्र की जनता ने मंत्री का आभार जताया है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है।