अमरपुर-चुकम के विस्थापन को मिली रफ्तार, पुनर्वास स्थल का किया स्थलीय निरीक्षण

भीमताल , 4 अप्रैल। तहसील रामनगर के राजस्व ग्राम अमरपुर और चुकम के विस्थापन एवं पुनर्वास प्रक्रिया ने अब गति पकड़ ली है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शैलेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में गठित जनपद स्तरीय पुनर्वास समिति ने शनिवार को दोनों गांवों का स्थलीय निरीक्षण और सत्यापन किया।
समिति ने विस्थापन के लिए प्रस्तावित वन भूमि स्थल हाथीडांगर आम पोखरा रेंज, पश्चिम तराई डिवीजन का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम चुकम में ग्रामीणों के साथ बैठक कर पुनर्वास प्रक्रिया पर चर्चा की गई और अब तक की प्रगति से अवगत कराया गया।
बैठक में ग्रामीणों ने शीघ्र विस्थापन की मांग उठाई। इस पर अपर जिलाधिकारी ने बताया कि ग्राम चुकम और अमरपुर के पुनर्वास के लिए वन विभाग से हाथीडांगर आम पोखरा रेंज में भूमि विनियम की सहमति प्राप्त हो चुकी है। अब वन संरक्षण अधिनियम 1980 के तहत आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी नैनीताल के माध्यम से शासन को भेजी जाएगी, ताकि पुनर्वास कार्य में तेजी लाई जा सके।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी रामनगर गोपाल सिंह चौहान, उप प्रभागीय वन अधिकारी संदीप गिरी गोस्वामी व अंकित बडोला, भू वैज्ञानिक कामिनी बिष्ट, सहायक अभियंता जगत नारायण सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी योगेश उनियाल, लेखपाल राहुल आर्य सहित अन्य अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *