यूपीएससी में भीमताल की सौम्या गर्ब्याल को मिली सफलता, 822वीं रैंक से बढ़ाया क्षेत्र का मान

भीमताल । भीमताल निवासी सौम्या गर्ब्याल ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में 822वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही भीमताल क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोगों ने उन्हें बधाई दी है।
सौम्या गर्ब्याल वर्तमान में अल्मोड़ा जनपद में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के पद पर तैनात हैं। मूल रूप से वह पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र के गर्ब्यांग गांव की निवासी हैं, लेकिन वर्तमान में उनका परिवार भीमताल में रहता है।
सौम्या ने वर्ष 2024 में प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) परीक्षा में भी 10वीं रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। उनकी माता बीना गर्ब्याल अभिसूचना विभाग नैनीताल में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि पिता देव सिंह गर्ब्याल हैं। उनकी बड़ी बहन साक्षी गर्ब्याल महाराष्ट्र बैंक में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।
सौम्या की प्रारंभिक शिक्षा भीमताल के एचजीएस विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट की पढ़ाई नैनीताल से पूरी की और स्नातक की शिक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से प्राप्त की।
सौम्या की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *