डालकन्या इंटर कॉलेज में सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप का समापन, प्रतिभागियों को मिले प्रमाण-पत्र व पुरस्कार

भीमताल। विकासखंड ओखलकांडा अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज डालकन्या में 27 मई से 2 जून तक आयोजित सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप का प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार वितरण के साथ सफल समापन हो गया। समापन समारोह में छात्र-छात्राओं की प्रतिभाओं की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य त्रिलोक सिंह बिष्ट ने समापन अवसर पर शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को सक्रिय सहभागिता और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास वृद्धि तथा भाषाई और सांस्कृतिक समझ को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रधानाचार्य ने बताया कि समर कैंप के सफल संचालन में वरिष्ठ शिक्षक अमरजीत सिंह, दिनेश चन्द्र पनेरू और रवि प्रकाश जोशी का विशेष योगदान रहा। वहीं कनिष्ठ सहायक कपिल मिश्रा ने भी कैंप के संचालन में सराहनीय भूमिका निभाई। शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
कैंप के दौरान विद्यार्थियों को भाषाई ज्ञान, पेंटिंग, नृत्य, संगीत, सज्जा, व्यंजन निर्माण सहित भाषा आधारित व रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में अंजली चौहान, यशौदा पनेरू, नेहा पनेरू, कमला पनेरू, सूरज सिंह चौहान, ललित सिंह बिष्ट, राजू पनेरू, सीमा चौहान, नीता पनेरू और प्रियंका पनेरू समेत कई छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पीटीए अध्यक्ष रमेश चन्द्र पनेरू, एसएमसी अध्यक्ष सुरेश चन्द्र पनेरू सहित कई अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *