भीमताल। लेक्स इंटरनेशनल स्कूल, भीमताल में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जूनियर इंटर हाउस सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमालय हाउस ने ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
विद्यालय सभागार में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं निदेशक एस.एस. नेगी, वरिष्ठ रंगकर्मी अनिल घिल्डियाल और श्रीमती घिल्डियाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद कक्षा तीन से आठवीं तक के विद्यार्थियों के बीच विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के तहत वंदना (नव दुर्गा) और प्रॉप/एरोबिक डांस (सैटरडे नाइट) में हिमालय हाउस प्रथम रहा। लोक नृत्य (मराठी) में नीलगिरी हाउस ने बाजी मारी, जबकि लोकगीत (झारखंडी), नाटक (नशा मुक्ति) और मॉर्डन डांस में हिमालय हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। देशभक्ति गीत प्रतियोगिता में हिमालय और नीलगिरी हाउस संयुक्त रूप से विजेता रहे, जबकि ऑर्केस्ट्रा प्रतियोगिता में विन्ध्या हाउस ने पहला स्थान हासिल किया।
सभी प्रतियोगिताओं के अंकों के आधार पर शिवालिक हाउस चौथे, विन्ध्या हाउस तीसरे, नीलगिरी हाउस दूसरे और हिमालय हाउस पहले स्थान पर रहा।
पारितोषिक वितरण समारोह में प्रधानाचार्य एस.एस. नेगी ने विजेता प्रतिभागियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उपविजेता एवं अन्य प्रतिभागियों को अगले वर्ष और अधिक मेहनत व लगन से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका गीत एवं नाटक प्रभाग नैनीताल से सेवानिवृत्त वरिष्ठ रंगकर्मी अनिल घिल्डियाल ने निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए नृत्य और अभिनय की बारीकियों से अवगत कराया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय की ओर से अनिल घिल्डियाल और श्रीमती घिल्डियाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन समन्वयक कंचन जाशी ने किया।