भीमताल : समाजसेवी बृजवासी ने भीमताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की जरूरत पर जोर देते हुए अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने प्रभारी डॉ. महतोलिया के साथ विस्तृत चर्चा में डॉक्टरों, नर्सों, वार्ड स्टाफ, दवाइयों की उपलब्धता, एम्बुलेंस सेवाओं और आपातकालीन व्यवस्थाओं की स्थिति पर बात की। बृजवासी ने विशेष रूप से डॉग बाइट, स्नेक बाइट और एक्सीडेंट जैसे मामलों में त्वरित उपचार, अल्ट्रासाउंड मशीन और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की स्थापना की मांग की। डॉ. महतोलिया ने स्टाफ की कमी और अन्य समस्याओं को स्वीकार करते हुए विभागीय उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजने और आवश्यक सुधार शीघ्र लागू करने का आश्वासन दिया। समाजसेवी ने कहा, “भीमताल सीएचसी को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना हमारा लक्ष्य है, ताकि नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग बेहतर इलाज के लिए दूर न जाएं।” इस पहल से स्थानीय समुदाय में उम्मीद की किरण जगी है। मौके पर राज्य आंदोलनकारी बी. डी. पलड़िया भी उपस्थित थे।